Bareilly News : बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर में शनिवार रात एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 45 वर्षीय रूपवती, पत्नी प्रेमशंकर, के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हमलावर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ये है पूरा मामला
रूपवती संजय नगर में कुंवर बैंक्वेट हॉल के पास नॉनवेज का ठेला लगाती थीं। शनिवार रात करीब 12 बजे, ठेला बंद करने के बाद घर जाने की तैयारी कर रही थीं, तभी एक बाइक पर सवार दो लोग वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने तमंचा निकालकर रूपवती की पीठ पर गोली चला दी। गोली लगते ही रूपवती चिल्लाते हुए जमीन पर गिर पड़ीं। घटना के दौरान मौजूद लोग स्तब्ध रह गए, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। परिवार ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टर ने मृत घोषित किया। घटना की सूचना पर परिचितों ने परिवार को बुलाया। परिजन रूपवती को एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां उन्हें भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
बारादरी थाना पुलिस (Bareilly News) ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक रंजिश का बताया जा रहा है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने मौके का मुआयना किया और घटना से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए।
पहले की घटना
रूपवती मूल रूप से पीलीभीत की रहने वाली थीं और संजय नगर में बेटे के साथ ठेला लगाकर जीविका चलाती थीं। उनके पति का पहले ही निधन हो चुका है। 23 जून को भी रूपवती पर हमला हुआ था, जब उनके जबड़े में गोली मारी गई थी। उस मामले में उनकी बेटी पायल ने ममेरे भाई रोहित के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन जांच में आरोप सिद्ध नहीं हो पाया था।
सीसीटीवी फुटेज और जांच में नए सुराग
घटना के दौरान पास के बरातघर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था, जिससे शुरुआत में हर्ष फायरिंग की अफवाह फैली। हालांकि, पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में दोनों हमलावर स्प्लेंडर बाइक पर सवार नजर आए। उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान मुश्किल हो रही है।
पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजनों और आस-पास के लोगों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।


