Gujarat : गुजरात के भरूच जिले में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो बच्चों और दो महिलाओं सहित 6 लोगों की जान चली गई। यह हादसा जंबूसर-आमोद रोड पर हुआ, जब एक ईको कार सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भयानक थी कि ईको कार में सवार 6 लोग मौके पर ही मौत के शिकार हो गए। कार में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें से 6 की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
मृतकों के नाम
मृतकों में सपनाबेन जयदेव गोहिल, जयदेव गोविंदभाई गोहिल, कीर्तिकाबेन अर्जुनसिंह गोहिल, हंसाबेन अरविंद जादव, संध्याबेन अरविंद जादव और विवेक गणपत परमार शामिल हैं। सभी मृतक जंबूसर के वेडच और पांचकड़ा गांव के निवासी थे और शुक्लतीर्थ में चल रहे मेले से लौट रहे थे। मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
आगे की जांच जारी
जंबूसर पुलिस ने इस हादसे के संबंध में जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ट्रक का चालक घटनास्थल से फरार हो गया है और उसकी तलाश जारी है।
पाटन में भी हुआ था भीषण हादसा
यह हादसा गुजरात (Gujarat) में हुए हालिया सड़क हादसों की कड़ी में एक और दुखद घटना है। इससे पहले पाटन जिले में दिवाली के दिन एक और भीषण सड़क दुर्घटना हुई थी। चाणस्मा तहसील के रामगढ़ में एक छोटा हाथी टेम्पो और ऑल्टो कार के बीच टक्कर हुई थी, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्य अपनी जान गंवा बैठे थे। यह हादसा दिवाली के दिन दोपहर के समय हुआ था।


