UP News : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित 701 वन दरोगाओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन को वर्तमान युग की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि अनियोजित और अवैज्ञानिक विकास के कारण जलवायु परिवर्तन और बढ़ता प्रदूषण आज पूरी दुनिया के लिए समस्या बन चुके हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कहीं अतिवृष्टि हो रही है तो कहीं हीट वेव का सामना करना पड़ रहा है। कहीं लोग बाढ़ से परेशान हैं तो कहीं पानी की बूंद-बूंद के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह नियुक्तियां वन और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि उत्तर प्रदेश वन विभाग को 701 नए वन दरोगा मिले हैं। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले सितंबर में 647 वन रक्षक नियुक्त किए गए थे। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से विभाग में रिक्त पदों को भरने में मदद मिलेगी और वन संरक्षण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
महिला अभ्यर्थियों की भागीदारी की प्रशंसा करते हुए योगी ने कहा कि 701 में से 140 नियुक्तियां महिलाओं को मिली हैं। उन्होंने इसे महिलाओं के लिए तय 20% आरक्षण लक्ष्य की दिशा में एक बड़ी सफलता करार दिया। इस मौके पर वन पर्यावरण राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए और उनके अनुभव सुने।


