Delhi : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय राजधानी की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में गृह मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि अपराध और कानून-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सरकार की “जीरो टॉलरेंस” नीति को दोहराते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस को यह सुनिश्चित करना होगा कि हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे।
बैठक में गृह सचिव गोविंद मोहन, गुप्तचर ब्यूरो के निदेशक तपन डेका, दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। अमित शाह ने कहा कि दिल्ली पुलिस की जिम्मेदारी है कि उनकी उपस्थिति से नागरिकों में सुरक्षा का भाव और अपराधियों में डर का माहौल बने। गृह मंत्री ने पुलिस को नागरिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विशेष कार्य योजनाएं चलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने बच्चों, महिलाओं, और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि अपराधियों पर लगाम कसने और उन्हें भयभीत करने के लिए पुलिस को सक्रियता से काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था (Delhi) में किसी भी प्रकार की चूक अस्वीकार्य है।


