Jalaun News : जालौन जिले के उरई में एसबीआई की सिटी शाखा के लॉकर से 81 लाख रुपये मूल्य के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस ने मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित आनंद स्वरूप श्रीवास्तव का आरोप है कि उनके बैंक लॉकर से पुश्तैनी गहने चोरी हुए हैं। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त 2024 को उन्होंने आखिरी बार लॉकर खोला था, जिसमें सोने और चांदी के कीमती गहने तीन डिब्बों में सुरक्षित रखे गए थे। लॉकर बंद करते समय बैंक के एकाउंटेंट प्रणय श्रीवास्तव और अन्य कर्मचारी वहां मौजूद थे।
आनंद स्वरूप ने बैंक मैनेजर अंकित तिवारी, एकाउंटेंट प्रणय श्रीवास्तव और अन्य कर्मचारियों पर लॉकर तोड़कर गहने चोरी करने का आरोप लगाया है। चोरी हुए गहनों में चार सोने के हार, 16 सोने की चूड़ियां, 10 अंगूठियां, एक हाफ पेटी चांदी और 90 चांदी के सिक्के शामिल हैं। उन्होंने इस मामले में उरई कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस अधीक्षक उमेश पांडे ने बताया कि बैंक कर्मियों ने लॉकर टूटने की सूचना दी थी। जब श्रीवास्तव ने लॉकर की जांच की, तो उसमें से गहने गायब मिले। स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरपाल सिंह ने कहा कि बैंक मामले की जांच कर रहा है और पुलिस को पूरी जानकारी और सहयोग प्रदान कर रहा है। पुलिस अब तथ्यों की पुष्टि कर मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश कर रही है।


