UP Bypolls : अंबेडकरनगर के कटेहरी विधानसभा उपचुनाव में 33 साल बाद भाजपा ने बड़ी जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी धर्मराज निषाद ने 33,828 वोटों के अंतर से सपा की शोभावती वर्मा को हराया। धर्मराज निषाद को 1,03,137 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी को 69,309 वोट प्राप्त हुए।
मतगणना के उतार-चढ़ाव और जीत का जश्न
मतगणना सुबह 8 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। शुरुआती राउंड में धर्मराज निषाद को बढ़त मिली, लेकिन बीच के कुछ राउंड में सपा को बढ़त हासिल हुई। इसके बाद धर्मराज निषाद ने लगातार बढ़त बनाई और अंततः बड़े अंतर से जीत दर्ज की। बीजेपी की जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने अबीर-गुलाल और ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया।
चौथी बार विधायक बने धर्मराज निषाद
धर्मराज निषाद इससे पहले तीन बार बसपा से कटेहरी विधानसभा से विधायक चुने गए थे। भाजपा से चुनाव (UP Bypolls) जीतने के बाद उन्होंने इसे जनता और कार्यकर्ताओं की जीत बताया और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।
कटेहरी: भाजपा की 33 साल बाद जीत
1991 के बाद यह पहला मौका है जब भाजपा ने कटेहरी सीट पर जीत दर्ज की। इस सीट पर बीएसपी और सपा का लंबे समय तक दबदबा रहा है। उपचुनाव में भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत पार्टी के लिए बड़े बदलाव का संकेत है।
राज्य में भाजपा का प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा गठबंधन ने 7 सीटों पर जीत हासिल की। सपा को सिर्फ करहल और सीसामऊ सीट पर जीत मिली। कटेहरी सीट पर जीत ने भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता और संगठन की रणनीति को मजबूत किया है।


