Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने प्रसिद्ध रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 116वें एपिसोड में देशवासियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने खासकर भारत के युवाओं की भूमिका को उजागर किया, जो विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। पीएम मोदी ने इस कार्यक्रम की शुरुआत में देश के सामूहिक प्रयासों, नागरिकों की आकांक्षाओं और युवाओं के सपनों की बात की।
प्रधानमंत्री ने कहा, मन की बात यानि देश की उपलब्धियों, जन-जन के सामर्थ्य, और देश के नागरिकों की आकांक्षाओं की बात। यह एक संवाद है, जिसे मैं हर महीने आपके साथ साझा करने का इंतजार करता हूं। मेरी पूरी कोशिश रहती है कि आपके संदेशों और सुझावों को समझूं और उन पर मंथन करूं।
इस एपिसोड में पीएम मोदी ने खासतौर पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि युवा जब एकजुट होकर देश की भविष्य की दिशा पर विचार करते हैं, तो इससे ठोस और प्रभावी रास्ते निकलते हैं। उनका मानना था कि भारत के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
एनसीसी दिवस पर प्रधानमंत्री ने दी प्रेरणा
इस दौरान पीएम मोदी ने ‘एनसीसी दिवस’ का उल्लेख करते हुए अपने व्यक्तिगत अनुभवों को साझा किया। उन्होंने बताया कि वह भी खुद एनसीसी के कैडेट रहे हैं और इस अनुभव ने उनके जीवन को अनमोल दिशा दी है। प्रधानमंत्री ने कहा, एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा की भावना को सशक्त बनाता है। हर आपदा के समय एनसीसी के कैडेट्स हमेशा मदद के लिए आगे आते हैं, यही इसकी ताकत है।
पीएम मोदी ने युवाओं से एनसीसी से जुड़ने की अपील भी की, ताकि देश के युवा अपने भीतर देशसेवा की भावना को मजबूत कर सकें और समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकें।
स्वामी विवेकानंद की जयंती और ‘युवा विचारों का महाकुंभ’
प्रधानमंत्री ने आगामी 11 और 12 जनवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाले ‘युवा विचारों के महाकुंभ’ का भी उल्लेख किया। यह कार्यक्रम ‘विकसित भारत, यंग लीडर डायलॉग’ के तहत आयोजित किया जाएगा, जिसमें भारत के विभिन्न कोनों से लाखों युवा भाग लेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती पर हम यह कार्यक्रम आयोजित करेंगे, जिसमें लगभग 2,000 युवा भारत मंडपम में एकत्रित होंगे। यह युवा विचारों का महाकुंभ होगा, जहां युवा अपने विचारों से भारत को विकास की दिशा देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने स्वामी विवेकानंद को याद करते हुए कहा कि उनके विचार हमेशा युवाओं के लिए प्रेरणादायक रहे हैं, और इस कार्यक्रम के माध्यम से युवा अपने विचारों को साझा करेंगे, जो देश की प्रगति में सहायक होंगे।


