UP News : उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर तोड़कर ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार पांच डॉक्टरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। सभी डॉक्टर सैफई मेडिकल कॉलेज में तैनात थे और लखनऊ से सैफई लौट रहे थे। हादसे ने सभी को झकझोर दिया है।
अखिलेश यादव ने जताया दुख और सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, “जान बचाने वाले डॉक्टरों का इस तरह जान गंवाना बेहद दुखद है।” अखिलेश ने सवाल उठाया कि एक्सप्रेसवे पर हादसों की संख्या क्यों बढ़ रही है और भाजपा सरकार इस विश्वस्तरीय एक्सप्रेसवे की देखभाल में नाकाम क्यों हो रही है।
ये भी पढ़ें : 27 Nov Ka Panchang : पंचांग से आज का शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय
ये भी देखेंं : Milkipur Seat पर By-Election को लेकर High Court से BJP को बड़ा झटका, याचिका की खारिज
भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे के प्रति “द्वेष भरे सौतेले व्यवहार” का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार इस एक्सप्रेसवे को केवल टोल वसूली का माध्यम मान रही है। उन्होंने पूछा, “क्या एक्सप्रेसवे की पुलिसिंग सिर्फ मोबाइल देखने और चालान काटने तक सीमित है? क्या जानवरों की आवाजाही रोकने के लिए कोई ठोस उपाय नहीं किए गए हैं?”
‘एक्सप्रेसवे’ सपा की सोच का प्रतीक
अखिलेश ने कहा कि सपा ने एक्सप्रेसवे को सिर्फ सड़क के रूप में नहीं, बल्कि आर्थिक, कृषि और व्यापारिक विकास का मार्ग बनाने की सोच रखी थी। उन्होंने भाजपा पर एक्सप्रेसवे की सुरक्षा और रखरखाव को नजरअंदाज करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह जनता के जीवन के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने सरकार से अपील की कि वह जनता की जान बचाने के लिए जिम्मेदारी से काम करे और सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता दे।


