UP Politics : प्रयागराज पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सत्ता में रहते हुए संविधान का गला घोंटा, वे अब इसे बचाने का शोर मचा रहे हैं। सीएम की यह टिप्पणी संविधान दिवस के एक दिन बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय के 136वें दीक्षांत समारोह में आई।
संविधान में जोड़ गए शब्दों पर सवाल
अपने संबोधन में सीएम योगी ने 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा द्वारा तैयार मूल संविधान का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें “धर्मनिरपेक्ष” और “समाजवादी” जैसे शब्द नहीं थे। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान संसद भंग कर इन शब्दों को संविधान में जोड़ा गया। उन्होंने कहा, “ये शब्द तब जोड़े गए जब लोकतंत्र पर हमला कर न्यायपालिका की शक्तियां खत्म कर दी गईं।”
विपक्ष को लेकर तीखे सवाल
सीएम ने कहा, “जिन्होंने संविधान को कमजोर किया, वे अब लोकतंत्र और संविधान के खतरे में होने की बात कर रहे हैं। समाज को ऐसे लोगों का मूल्यांकन करना चाहिए, जो लोकतंत्र को पंगु बनाने का प्रयास करते हैं।” उन्होंने विपक्ष पर संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।
ये भी पढ़ें : 27 Nov Ka Panchang : पंचांग से आज का शुभ मुहूर्त और राहुकाल का समय
ये भी देखेंं : Milkipur Seat पर By-Election को लेकर High Court से BJP को बड़ा झटका, याचिका की खारिज
समाजवादी पार्टी पर निशाना
समाजवादी पार्टी को आड़े हाथ लेते हुए सीएम योगी ने कहा कि सपा ने समाजवाद की आड़ में भाई-भतीजावाद और वंशवाद को बढ़ावा दिया। उन्होंने राम मनोहर लोहिया के विचारों का हवाला देते हुए कहा कि सच्चा समाजवादी निष्पक्षता के साथ काम करता है। उन्होंने सपा नेताओं पर परिवारवाद को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया।
दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्रों का सम्मान
मुख्यमंत्री ने समारोह में प्रसिद्ध कवि और साहित्यकार कुमार विश्वास को मानद उपाधि से सम्मानित किया। साथ ही, सात छात्राओं समेत आठ छात्रों को स्वर्ण पदक प्रदान किए और इस वर्ष पास हुए 144 छात्रों को उपाधियां दीं।


