Gorakhpur : मुंबई में महिला पायलट सृष्टि तुली की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें उनकी मौत का कारण गला कसने से बताया गया है। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सृष्टि को ब्लैकमेल किया जा रहा था और पैसे ना देने की वजह से उसकी हत्या की गई।
ब्वायफ्रेंड और महिला पायलट पर आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि सृष्टि के ब्वायफ्रेंड और एक अन्य महिला पायलट इस साजिश में शामिल हैं। उनका दावा है कि सृष्टि के बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर कराए गए, जो यह संकेत देता है कि ब्लैकमेल के कारण उसकी हत्या हुई। पुलिस ने सृष्टि के ब्वायफ्रेंड के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
सृष्टि का गोरखपुर से जुड़ाव
सृष्टि मूल रूप से गोरखपुर, उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं। उनके बड़े पिता विवेक तुली ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले सृष्टि ने घर पर अपनी मां से बात की थी और बिल्कुल सामान्य लग रही थीं। इस बीच, परिजनों ने सवाल उठाया कि अचानक ऐसा क्या हुआ जो उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।
परिजनों ने जताई क्राइम सीन से छेड़छाड़ की आशंका
परिजनों ने कहा कि सृष्टि के दोस्त ने पुलिस को बिना सूचित किए एक महिला पायलट को बुलाया और दरवाजा खुलवाया। उन्होंने दावा किया कि चार्जिंग केबल गैराज में पाई गई और सृष्टि के फ्लैट की दूसरी चाबी गायब है। उनका कहना है कि क्राइम सीन के साथ छेड़छाड़ की गई है।
ये भी देखें : Sambhal News : FIR में सपा सांसद और विधायक के बेटे पर क्या है आरोप! | Dainik Hint |
बिसरा रिपोर्ट का इंतजार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी लगने से मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन परिजन बिसरा रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि डाटा केबल से फांसी लगाना संभव नहीं है और फ्लैट में कुछ भी अस्त-व्यस्त नहीं मिला। साथ ही, बैंक खाते की जांच में पता चला कि पिछले महीने सृष्टि के दोस्त के खाते में ₹65,000 ट्रांसफर किए गए थे।
सृष्टि का करियर और सम्मान
सृष्टि ने जून 2023 में एयर इंडिया जॉइन किया था। उनके बाबा, मेजर नरेंद्र कुमार, 1971 के भारत-पाक युद्ध में शहीद हुए थे। सृष्टि को महिला पायलट बनने पर मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया था। परिवार ने इस मामले में गहराई से जांच की मांग की है और दोषियों को सजा दिलाने की अपील की है।


