Sambhal Violence : संभल में मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी उपद्रवियों की पहचान की जाए और कोई भी दोषी बचना नहीं चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुकसान की भरपाई उपद्रवियों से की जाए। बुधवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में सीएम योगी ने अधिकारियों को कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया।
अराजकता पर कड़ा संदेश
सीएम योगी ने कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कहा कि गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, संभल या किसी भी जिले में अराजकता फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि अराजक तत्वों की पहचान कर उनके पोस्टर लगाए जाएं। प्रशासन ने अब तक संभल हिंसा में 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 400 उपद्रवियों की पहचान हो चुकी है। सीएम के आदेश के बाद कार्रवाई और तेज होने की संभावना है।
अतिक्रमण पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण के मुद्दे पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सड़कें सभी के लिए हैं, और सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण सामग्री, निजी वाहन, या दुकानें लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस पर सख्ती से कार्रवाई करें।
जनता से जुड़े मामलों पर फोकस
सीएम योगी ने राजस्व वाद और शिकायतों के मामलों पर कहा कि जनता से जुड़े विभागों के अधिकारी नियमित रूप से लोगों से मिलें और जनसुनवाई को प्राथमिकता दें। असंतोषजनक प्रदर्शन करने वाले विभागों और अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी गरीब के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
छह दिसंबर को सतर्कता के निर्देश
सीएम ने छह दिसंबर को बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर संभावित आयोजनों के मद्देनजर अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने कहा कि कुछ अराजक तत्व माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं, इसलिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।


