Noida : उत्तर प्रदेश के जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सफल ट्रायल लैंडिंग के बाद अब इसके लिए नियमित उड़ानों के संचालन की तैयारी अंतिम चरण में है। अप्रैल 2025 से एयरपोर्ट पर कमर्शियल फ्लाइट्स की शुरुआत की संभावना जताई जा रही है। एयरपोर्ट तक यात्रियों की पहुंच को सुगम बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण योजना बनाई गई है, जिसमें 24 जिलों को सीधे कनेक्टिविटी प्रदान की जाएगी। इसके तहत इन जिलों से नोएडा एयरपोर्ट तक यात्रा करने के लिए 200 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा।
इलेक्ट्रिक बसों की सुविधा
यमुना प्राधिकरण ने एयरपोर्ट तक की यात्रा को आसान बनाने के लिए 24 घंटे चलने वाली ई-बसों की सेवा शुरू करने की घोषणा की है। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के 24 जिलों से ई-बसों के माध्यम से सीधी कनेक्टिविटी प्रदान की जाएगी। इन बसों का संचालन एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले शुरू किया जाएगा। यमुना प्राधिकरण ने इसके लिए एक्सप्रेस ऑफ इंटेस्ट (EOI) जारी कर दिया है, जिसमें कंपनियों से 23 दिसंबर तक प्रस्ताव मांगे गए हैं। इसके बाद चयनित कंपनियों के माध्यम से बसों का संचालन शुरू किया जाएगा।
चार राज्यों के 24 जिले
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida) के 150 किमी के दायरे में आने वाले 24 जिलों को सीधी कनेक्टिविटी देने के लिए यह योजना बनाई गई है। गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, हापुड़, शामली, बागपत, मुजफ्फरनगर, मथुरा, हाथरस, गुड़गांव, झज्जर, रेवाड़ी, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल, फरीदाबाद, पलवल, मेवात (नूह), भिवानी, महेंद्रगढ़, भरतपुर इन जिलों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के प्रमुख जिले शामिल हैं। इन जिलों से यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचाने के लिए इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। यह बसें 24 घंटे एयरपोर्ट के लिए चलेंगी, जिससे यात्रियों को किसी भी समय सुविधा मिलेगी।
आगामी योजनाएं और विकास
एयरपोर्ट (Noida) तक बेहतर कनेक्टिविटी के लिए अन्य परिवहन विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि, मेट्रो, रैपिड रेल या रेलवे की सुविधाएं शुरू होने में कुछ साल लग सकते हैं, इसलिए फिलहाल इलेक्ट्रिक बसों की सेवा को प्राथमिकता दी जा रही है। इसके अलावा, 23 दिसंबर को इस योजना को लेकर उच्च स्तरीय बैठक होने वाली है, जिसमें आगे की प्रक्रिया पर चर्चा की जाएगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) ने अपने सर्वेक्षण में यह पाया है कि एयरपोर्ट के 150 किमी दायरे में आने वाले जिलों से बड़ी संख्या में लोग हवाई यात्रा करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए नायल का लक्ष्य है कि एयरपोर्ट पर कमर्शियल फ्लाइट्स शुरू होने से पहले बस सेवा का संचालन भी शुरू हो जाए। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में कोई दिक्कत नहीं होगी और उनका यात्रा अनुभव अधिक सुविधाजनक बनेगा।
ये भी देखें : AAP ने मौजूदा 20 विधायकों काटे के टिकट, नए चेहरों पर जताया भरोसा, जारी की आखिरी लिस्ट


