UP News : उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश में लेखपाल के 7,994 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। राजस्व परिषद ने यूपीएसएसएससी (उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग) को भर्ती प्रस्ताव भेज दिया है। लेखपाल भर्ती का नोटिफिकेशन यूपीएसएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि लेखपाल के रिक्त पदों को जल्द भरा जाए। इसका उद्देश्य प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाना और सरकारी कार्यों को सुचारू रूप से पूरा करना है। इस भर्ती से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि प्रदेश के राजस्व प्रशासन को भी मजबूती मिलेगी। भर्ती प्रक्रिया का नोटिफिकेशन जनवरी 2025 में जारी होने की संभावना है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास यूपीएसएसएससी पीईटी (प्रारंभिक पात्रता परीक्षा) का वैलिड स्कोर कार्ड होना चाहिए। मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10+2 (इंटरमीडिएट) परीक्षा पास होना अनिवार्य है। आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया पीईटी के स्कोर, लिखित परीक्षा, और दस्तावेज़ सत्यापन पर आधारित होगी। चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-3 के तहत 21,700 से 69,100 रुपये का वेतनमान दिया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि नोटिफिकेशन जारी होने के बाद सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।


