UP Bypolls : समाजवादी पार्टी (सपा) ने चुनाव आयोग से हाल में सम्पन्न नौ विधानसभा सीटों के उपचुनाव में अपनी हारी हुई सात सीटों पर मतदान केंद्रों के अंदर सीसीटीवी कैमरा फुटेज, वेबकास्टिंग फुटेज और उम्मीदवारों की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की मांग की है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर यह मांग रखी है।
पार्टी ने बयान में कहा कि कटेहरी, कुंदरकी, फूलपुर, मझवां, मीरापुर, खैर और गाजियाबाद सीटों पर हुए उपचुनाव में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह कदम जरूरी है। सपा प्रतिनिधियों के के श्रीवास्तव, हरिश्चंद्र सिंह और राधेश्याम सिंह ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर यह ज्ञापन सौंपा।
पिछले महीने 20 नवंबर को इन नौ सीटों पर उपचुनाव हुए थे और 23 नवंबर (UP Bypolls) को नतीजे घोषित किए गए थे। सपा ने सीसामऊ और करहल सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा ने छह सीटों पर और उसकी सहयोगी रालोद ने मीरापुर सीट पर जीत दर्ज की थी।
सपा ने भाजपा पर प्रशासन और पुलिस के दुरुपयोग का आरोप लगाया था, जबकि भाजपा ने इसे हार की बौखलाहट करार दिया। भाजपा का कहना था कि सपा जनमानस के विश्वास को खो चुकी है और संवैधानिक संस्थाओं पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है।


