UP News : नव वर्ष की पूर्व संध्या पर होने वाले आयोजनों के दौरान हंगामा करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। पूरे प्रदेश में संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर वहां डिप्टी एसपी और एएसपी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में पुलिस बल तैनात रहेगा। शराब पीकर गाड़ी चलाने और हुड़दंग करने वालों पर भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। डीजीपी प्रशांत कुमार ने प्रदेश के पुलिस कमिश्नरों, एसपी, डीआईजी और आईजी को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
डीजीपी ने कहा है कि जिलों के होटल, क्लब, मनोरंजन गृह और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जाएं। 31 दिसंबर को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला जाए और महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए पर्याप्त महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। यूपी-112 के कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी देखं : Delhi High Court का Atishi Government को Order, करनी होगी केंद्र सरकार की योजना लागू
नववर्ष के जश्न में अक्सर सड़कों पर बाइक और कार तेज गति से चलाई जाती हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका रहती है। डीजीपी ने तेज वाहन चलाने वालों और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करने और मुकदमे दर्ज करने के आदेश दिए हैं। प्रमुख बाजारों और सीमावर्ती क्षेत्रों पर नजर रखने के साथ ब्रेथ एनालाइजर से चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं।
धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। इन स्थानों पर ट्रैफिक प्रबंधन के साथ पुलिस बल और ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उन्हें सक्रिय रखा जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने और आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाहों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।


