UP News : उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा का चरित्र हमेशा सनातन धर्म को कलंकित करने का रहा है। उन्होंने संभल में मस्जिद के सर्वे पर कहा कि यह कोर्ट के आदेश पर हो रहा है। चौधरी ने सपा पर साधु-संतों और महात्माओं के खिलाफ बयानबाजी करने और सनातन धर्म को गाली देने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने बीजेपी संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की।
बीजेपी संगठन के पुनर्गठन को लेकर चौधरी ने कहा कि पार्टी ने प्रदेश में अभूतपूर्व सदस्यता अभियान चलाया है, जिसमें लगभग ढाई करोड़ सदस्य ऑनलाइन और ढाई लाख सक्रिय सदस्य बनाए गए हैं। डेढ़ लाख बूथ कमेटियां बन चुकी हैं, जबकि 1918 मंडलों के चुनाव पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मंडलों में आरक्षण की भावना का ध्यान रखते हुए समाज के सभी वर्गों को उचित स्थान दिया गया है। 15 जनवरी तक सभी जिला अध्यक्षों के चुनाव और 20 से 25 जनवरी तक प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव पूरा कर लिया जाएगा।
ये भी देखें : Bansuri Swaraj ने किया AAP पर कटाक्ष, “कई महीनों से मौलवियों को वेतन नहीं दिया है…”
उन्होंने यह भी कहा कि इस महीने के अंत तक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव संपन्न होगा और संगठन के पुनर्गठन की प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी। इस संगठन का कार्यकाल 3 वर्ष का है, जो 2027 के अंत तक चलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव यही संगठन कराएगा।
सपा पर हमला जारी रखते हुए चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी सनातन धर्म की हमेशा से विरोधी रही है। उन्होंने अयोध्या में कारसेवकों के नरसंहार का जिक्र करते हुए कहा कि सपा के लोग साधु-संतों और मठ-मंदिरों पर बयानबाजी करके सनातन को गाली देने का एजेंडा चलाते हैं। संभल में मस्जिद सर्वे को लेकर उन्होंने कहा कि यह कोर्ट के आदेश पर हो रहा है और सरकार अच्छा काम कर रही है।
संभल में हुए बवाल पर चौधरी ने कहा कि उन्हें सरकार के कार्यों पर पूरा भरोसा है। आज कानून का राज कायम है, जबकि सपा ने हमेशा कानून के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 में मोदी और योगी की रणनीति के आधार पर पार्टी फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने संगठन और कार्यकर्ताओं के बल पर आगे बढ़ने की बात कही।


