UP Politics : उत्तर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा विभाग में कथित घोटालों और अनियमितताओं को लेकर राज्य की राजनीति में भारी घमासान मच गया है। इस विवाद के केंद्र में हैं, अपना दल (कमेरावादी) की नेता और सिराथू से समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक पल्लवी पटेल, जिन्होंने प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष पटेल पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं।
आशीष पटेल के खिलाफ किया तीखा हमला
पल्लवी पटेल ने हाल ही में एक साक्षात्कार में आशीष पटेल के खिलाफ तीखा हमला किया और उन्हें घोटाले का मुख्य आरोपी ठहराया। पटेल ने कहा, आशीष पटेल ने निर्लज्जता की पराकाष्ठा पार कर दी है। पिता की तस्वीर के नीचे अपनी बेटी की बेइज्जती कर रहे हैं, दलाली कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंत्री सरकारी धन की लूट में शामिल हैं और इस घोटाले को उजागर करना उनकी जिम्मेदारी थी।
इस बीच, आशीष पटेल (UP Politics) ने सभी आरोपों का खंडन किया है और कहा कि यह पूरी स्थिति उनके खिलाफ एक साजिश है। एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, आपका नाम स्पेशल टास्क फोर्स है, मेरा नाम आशीष पटेल है। यदि आपमें ताकत है, तो मेरे सीने पर गोली मारने की हिम्मत दिखाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस्तीफा नहीं देंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदेश पर ही अपने पद से हटेंगे।
पल्लवी पटेल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, एसटीएफ एक महत्वपूर्ण अंग है और हर अपराधी को इससे डरना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आशीष पटेल के बयान पर उन्हें हंसी आ रही है और उनका इशारा नोएडा में बैठे स्क्रिप्ट राइटर की ओर था, हालांकि इसका स्पष्ट मतलब अभी तक सामने नहीं आया है।
अखिलेश यादव की चुप्पी पर भी उठाए सवाल
सिर्फ आशीष पटेल पर ही नहीं, पल्लवी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2022 में अखिलेश यादव से कई मुद्दों पर सहमति बनी थी, लेकिन इस मामले में उनकी चुप्पी चिंताजनक है। पल्लवी ने स्पष्ट किया कि उन्हें बीजेपी में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है, और वह विपक्ष में ही खुश हैं।
अनुप्रिया पटेल पर भी पल्लवी पटेल ने टिप्पणी की, जो आशीष पटेल की पत्नी और केंद्रीय मंत्री हैं। पल्लवी ने कहा, मैं अनुप्रिया से कोई राजनीतिक बातचीत नहीं करती, लेकिन मुझे समझ में नहीं आता कि वह इस मामले पर चुप क्यों हैं। घोटाले की सच्चाई उन्हें भी पता होगी और उनका रिएक्शन सामाजिक न्याय के हिसाब से होना चाहिए।
पल्लवी पटेल ने आरोप लगाया कि तकनीकी शिक्षा विभाग में विभागाध्यक्षों की नियुक्तियों में अनियमितताएं और सरकारी धन की लूट की जा रही है। विधानसभा में इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाते हुए उन्होंने कहा, जो भी जानकारी मुझे मिली, मैंने उसे जनता के सामने रखा।
इस मामले में पल्लवी पटेल (UP Politics) ने राज्यपाल और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की है और कहा कि वह जल्द ही अपने अगले कदम का खुलासा करेंगी। यह विवाद तब और गहरा गया जब पल्लवी ने विधानसभा में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर विरोध किया और आशीष पटेल पर सख्त कार्रवाई की मांग की। आशीष पटेल ने इन आरोपों को राजनीतिक षड्यंत्र करार देते हुए अपनी स्थिति को सही ठहराया।
ये भी पढ़ें : UP News : रिटायर हुए एसएन साबत को मिला नया दायित्व, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के बने अध्यक्ष
ये भी देखें : Rajya Sabha MP Sanjay Raut का बड़ी दावा, “2026 के बाद PM Modi कार्यकाल पूरा नहीं करेंगे”


