Maha Kumbh 2025 : पीलीभीत में तीन खालिस्तानी आतंकियों के एनकाउंटर के बाद आतंकी पुन्नू द्वारा महाकुंभ को लेकर दी गई धमकी ने सुरक्षा एजेंसियों को चौकस कर दिया है। इस धमकी के बाद भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा और भी पुख्ता कर दी गई है। अब नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले नागरिकों को पूरी तरह से जांच के बाद ही सीमा पार करने की अनुमति मिलेगी। नागरिकता से संबंधित दस्तावेज़ की चेकिंग के बाद ही वे भारत में प्रवेश कर सकेंगे।
इस सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कवच कंट्रोल रूम का गठन किया गया है, जो सीमाक्षेत्र की दैनिक रिपोर्ट तैयार करेगा। यह निगरानी तब तक जारी रहेगी जब तक महाकुंभ का आयोजन संपन्न नहीं हो जाता। पुलिस, एसएसबी, इंटेलीजेंस और एलआईयू की टीमें इस अभियान में जुटी हुई हैं और सीमांत क्षेत्रों की निगरानी को और कड़ा किया गया है। पहले जहां सुरक्षा का ध्यान मुख्य रूप से गौरीफंटा बार्डर पर था, अब नेपाल से सटी सभी सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
कवच कंट्रोल रूम से रोज़ भेजी जाएगी रिपोर्ट
सुरक्षा एजेंसियों ने न केवल सीमा पार करने वाले मुख्य रास्तों पर बल्कि नदी घाटों पर भी कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। गौरीफंटा, पलिया, संपूर्णानगर और तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र की पुलिस खासतौर पर सतर्क है। इसके अतिरिक्त, पलिया और निघासन सर्किल अफसरों को निगरानी रिपोर्ट तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया है। सीमा क्षेत्र में 16 कवच आउटपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जिनके जरिए कंट्रोल रूम से सीधा संपर्क स्थापित किया गया है।
ये भी पढ़ें : UP News : रिटायर हुए एसएन साबत को मिला नया दायित्व, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के बने अध्यक्ष
ये भी देखें : Rajya Sabha MP Sanjay Raut का बड़ी दावा, “2026 के बाद PM Modi कार्यकाल पूरा नहीं करेंगे”
एसपी गणेश प्रसाद साहा ने एसएसबी, कस्टम, वन विभाग, इमीग्रेशन और अन्य एजेंसियों के अधिकारियों के साथ एक संयुक्त बैठक की थी, जिसमें दोनों सुरक्षा एजेंसियों को संयुक्त गश्त के आदेश दिए गए। इसके बाद, सीओ निघासन की अगुवाई में तिकुनिया कोतवाली पुलिस और एसएसबी ने सीमावर्ती इलाकों का दौरा किया। इस दौरान, उन्होंने (Maha Kumbh 2025 ) स्थानीय लोगों से संवाद किया और सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। साथ ही, किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति के बारे में तुरंत सूचना देने की अपील की।
एसपी साहा ने कहा कि पुलिस नेपाल सीमा पर विशेष सतर्कता बरत रही है। सीमावर्ती इलाकों में लगातार गश्त और वाहनों की चेकिंग की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि के बारे में जानकारी मिले, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें।


