Delhi News : दिल्ली से एक बड़ा साइबर अपराध सामने आया है, जिसमें एक 23 वर्षीय युवक ने ऑनलाइन डेटिंग ऐप्स पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर महिलाओं को अपनी जाल में फंसाया और उन्हें ब्लैकमेल कर पैसे वसूले। यह शातिर अपराधी महिलाओं की अंतरंग तस्वीरें और वीडियो हासिल कर, उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर धन उगाही करता था। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, और मामले की जांच अब भी जारी है।
कैसे हुई शुरूआत?
दिल्ली विश्वविद्यालय की एक छात्रा ने 13 दिसंबर को पश्चिमी जिले के साइबर थाने में एक शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि वह एक ऑनलाइन डेटिंग प्लेटफॉर्म पर एक व्यक्ति से मिली थी, जिसने खुद को एक अमेरिकी मॉडल बताया था। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती गहरी हो गई, और आरोपी ने छात्रा से उसकी अंतरंग तस्वीरें और वीडियो मांगे। कुछ समय बाद, आरोपी ने इन्हीं तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने शुरू कर दिए।
डर के कारण छात्रा ने पहले तो आरोपी की मांगें पूरी कीं, लेकिन जब उसकी मांगें बढ़ने लगीं, तो उसने अपने परिवार को इस बारे में बताया। परिवार ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तुषार बिष्ट नामक आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी की गिरफ्तारी और उसके द्वारा किए गए खुलासे
पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी तुषार बिष्ट को पूर्वी दिल्ली में उसके निवास स्थान से गिरफ्तार किया। तुषार नोएडा की एक कंपनी में काम करता था और उसने एक वर्चुअल इंटरनेशनल मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर फर्जी प्रोफाइल बनाई थीं। पुलिस ने तुषार के पास से मोबाइल फोन और अन्य महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए हैं।
पूछताछ में तुषार ने खुलासा किया कि उसने एक एप्लीकेशन से वर्चुअल इंटरनेशनल मोबाइल नंबर खरीदा था, जिसके माध्यम से उसने महिलाओं को फर्जी प्रोफाइल के जरिए अपने जाल में फंसाया। उसने अपनी प्रोफाइल पर ब्राजील के एक मॉडल की तस्वीर लगाई थी और फर्जी कहानियां पोस्ट कर महिलाओं को आकर्षित किया था।
साइबर अपराध का तरीका
तुषार (Delhi News) ने बताया कि वह बंबल जैसे डेटिंग ऐप्स पर 18 से 30 साल की महिलाओं को टारगेट करता था। वह पहले उनसे दोस्ती करता और फिर उनकी अंतरंग तस्वीरें और वीडियो मंगवाता था। बाद में, इन्हीं तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर वह उनसे पैसे ऐंठता था।
आरोपी ने 700 के करीब महिलाओं की अंतरंग तस्वीरें और वीडियो अपने पास रखने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने तुषार के पास से 13 क्रेडिट कार्ड, एक मोबाइल फोन जिसमें वर्चुअल इंटरनेशनल नंबर था, और पीड़ित महिलाओं के डेटा बरामद किए हैं। आरोपी के फोन में 60 से ज्यादा व्हाट्सएप चैट्स पाई गई हैं, जो यह साबित करती हैं कि उसने अन्य महिलाओं को भी ब्लैकमेल किया था।
ये भी देखें : BJP और AAP में नहीं कोई अंतर…RSS दोनों की मां है, बोले AIMIM Chief Asaduddin Owaisi


