Kaushambi : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के सिराथू के बाजार घाट पर शुद्धि कार्यक्रम के दौरान एक ही परिवार के चार लोग गंगा में डूब गए। घटना के बाद हड़कंप मच गया। गोताखोरों की मदद से दो लोगों को बाहर निकाला गया, जिन्हें तुरंत सीएचसी अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से जेके मिश्रा (अधेड़) की मौत हो गई, जबकि शिखर मिश्रा गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
लापता व्यक्तियों में जय जनार्दन मिश्रा और उनके बेटे छोटू मिश्रा शामिल हैं। गोताखोरों की टीम गंगा में लगातार सर्च अभियान चला रही है, लेकिन तीन घंटे बीतने के बाद भी दोनों का कोई पता नहीं चल सका है। घटना स्थल पर हजारों लोग इकट्ठा हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और गोताखोर लगातार तलाश में जुटे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, 27 दिसंबर 2024 को मनमोहन मिश्रा (80) का निधन हो गया था। इसी कारण परिवार के सदस्य शुद्धि कार्यक्रम के लिए गंगा घाट पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान जेके मिश्रा सबसे पहले स्नान के लिए गंगा में उतरे, लेकिन पैर फिसलने से डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए उनके बेटे शिखर मिश्रा ने गंगा में छलांग लगाई, लेकिन वे भी डूबने लगे।
इसके बाद, जय जनार्दन मिश्रा और उनके बेटे छोटू मिश्रा ने भी बचाने की कोशिश में गंगा में छलांग लगा दी। गोताखोरों ने किसी तरह जेके मिश्रा और शिखर मिश्रा को बाहर निकाला, लेकिन जय जनार्दन मिश्रा और छोटू मिश्रा अभी भी लापता हैं। पुलिस और बचाव टीम उन्हें खोजने में जुटी है।
सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान यह हादसा हुआ। जेके मिश्रा की मौत हो चुकी है और उनके बेटे शिखर मिश्रा का इलाज चल रहा है। जय जनार्दन मिश्रा और छोटू मिश्रा की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।


