Unnao News : उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बीमारी से परेशान होकर भगवान से नाराजगी जाहिर करते हुए प्राचीन मंदिर में स्थापित शिवलिंग को नुकसान पहुंचा दिया। यह मंदिर महाभारत काल से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। घटना ने न केवल स्थानीय लोगों को चौंका दिया, बल्कि धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से भी इसे गंभीर रूप से लिया जा रहा है।
घटना बुधवार की सुबह पुरवा-मौरावां मार्ग स्थित एक प्राचीन बिल्लेश्वर महादेव मंदिर की है, जहां श्रद्धालुओं ने देखा कि मंदिर में स्थापित शिवलिंग खंडित हो चुका था। इससे मंदिर में पूजा करने आए भक्तों में भारी गुस्सा और तनाव फैल गया। जब इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, तो टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
ये क्या है पूरा मामला
पूछताछ में आरोपी ने जो कारण बताया, वह और भी चौंकाने वाला था। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान 45 वर्षीय अवधेश कुमार कुर्मी के रूप में हुई है, जो पुरवा क्षेत्र का निवासी है। अवधेश ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी लंबे समय से बीमार थी और उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। इससे हताश होकर उसने देवी-देवताओं से नाराजगी जताने का फैसला लिया। पहले वह बिल्लेश्वर महादेव मंदिर गया और वहां शिवलिंग को कुल्हाड़ी से नुकसान पहुंचाया, फिर उसने बाइक से बिहार क्षेत्र स्थित वनखंडेश्वर मंदिर में भी ऐसा ही किया।
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह ने कहा कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था और उसने अपनी पत्नी की बीमारी के कारण उत्पन्न हुई निराशा में यह कृत्य किया। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी ने पास के एक अन्य शिवलिंग को भी नुकसान पहुंचाने की बात स्वीकार की।
पुलिस (Unnao News) ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है, और कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक संवेदनाओं को आहत किया है, और अब लोग यह उम्मीद कर रहे हैं कि आरोपी को सजा मिलेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
ये भी देखें : Delhi Election के बीच गरमाया ‘वोट घोटाले’ का मुद्दा, CM Atishi ने उठाए सवाल


