Kota Suicide : कोटा जिसे भारत का कोचिंग हब कहा जाता है, वहां छात्रों द्वारा आत्महत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला 18 वर्षीय अभिषेक का है, जिसने अपने कमरे में पंखे से फांसी लगाकर जान दे दी।
एडिशनल एसपी दिलीप सैनी के अनुसार, पुलिस को शाम को सूचना मिली कि एक छात्र ने आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पाया कि छात्र अभिषेक ने पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दी। छात्र का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और पोस्टमार्टम परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद किया जाएगा।
अभिषेक कोटा में जेईई की तैयारी कर रहा था। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और परिजनों से बातचीत के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सुसाइड की बढ़ती घटनाएं
कोटा में छात्रों द्वारा आत्महत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यह 2025 में छात्रों की आत्महत्या का दूसरा मामला है। इससे पहले, 2024 में 19 छात्रों और 2023 में 29 छात्रों ने आत्महत्या की थी। मंगलवार रात को ही जवाहर नगर इलाके में छात्र नीरज जाट ने आत्महत्या की थी, और उसका पोस्टमार्टम आज ही हुआ था।
प्रशासन और कोचिंग संस्थानों की नाकामी
कोटा में आत्महत्या की घटनाओं को रोकने के लिए कोचिंग संस्थानों और प्रशासन द्वारा कई कदम उठाए गए हैं। लेकिन इन प्रयासों का कोई सकारात्मक असर होता नहीं दिख रहा है। छात्रों पर बढ़ते दबाव और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही इन घटनाओं के प्रमुख कारणों में से एक हैं।
ये भी देखें : Delhi Election के बीच गरमाया ‘वोट घोटाले’ का मुद्दा, CM Atishi ने उठाए सवाल


