Prayagraj : महाकुंभ मेले की शुरुआत से पहले शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सामुदायिक रसोई ‘मां की रसोई’ का उद्घाटन किया। इस रसोई में मात्र 9 रुपये में लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार के अनुसार, स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में नंदी सेवा संस्थान द्वारा संचालित यह रसोई आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों की मदद के लिए शुरू की गई है।
9 रुपये की इस थाली में दाल, चार रोटियां, सब्जी, चावल, सलाद और मिठाई परोसी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अस्पताल का दौरा करते हुए रसोई का निरीक्षण किया और लोगों को खुद भोजन परोसा। उन्होंने रसोई की सफाई व्यवस्था और खाना बनाने की प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने खाने की गुणवत्ता और व्यवस्था की प्रशंसा की।
ये भी पढ़ें : UP Weather Update : आज से फिर बदलेगा यूपी का मौसम, IMD ने किया अर्लट जारी
उद्घाटन के दौरान औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने मुख्यमंत्री को भोजन की तैयारी और सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। नंदी सेवा संस्थान ने बताया कि यह रसोई उन लोगों के लिए उपयोगी होगी जो अपने प्रियजनों के इलाज के दौरान अस्पताल में ठहरते हैं और भोजन को लेकर परेशान होते हैं।
इस मौके (Prayagraj) पर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद और जगदगुरु महामंडलेश्वर संतोष दास सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस पहल को समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए महत्वपूर्ण बताया।


