Hardoi : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक 20 वर्षीय युवक प्रियांशु कुशवाहा ने गर्लफ्रेंड की बेवफाई से आहत होकर आत्महत्या कर ली। गर्लफ्रेंड ने झगड़े के बाद उसे फोन, मैसेंजर, और व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया था। इस घटना से परेशान प्रियांशु ने इंस्टाग्राम पर फांसी के फंदे की रील पोस्ट करने के बाद आम के पेड़ से फांसी लगा ली। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
माधोगंज थाना क्षेत्र के प्रियांशु के परिजनों ने बताया कि वह कुछ दिनों से बहुत गुमसुम और खोया-खोया सा रहता था। इंस्टाग्राम की जांच करने पर पता चला कि वह लंबे समय से दर्द भरे नगमे और भावुक रील्स पोस्ट कर रहा था। एक रील में उसने अपने खून से लड़की का नाम लिखते हुए वीडियो पोस्ट किया। घटना से पहले उसने दोस्तों को अलविदा कहते हुए रील और स्टेटस भी शेयर किया था।
प्रियांशु के पिता ने बताया कि उनका बेटा घर के कामों में मदद करता था और सामान्य रूप से खुशमिजाज था। लेकिन गर्लफ्रेंड द्वारा ब्लॉक किए जाने के बाद से वह एकांत में समय बिताने लगा। आत्महत्या से पहले की गई पोस्ट और मोबाइल में मिले साक्ष्य इस बात की पुष्टि करते हैं कि वह अपनी गर्लफ्रेंड से बेहद प्यार करता था और उसकी बेरुखी से आहत था।
हरदोई के अपर पुलिस अधीक्षक नृपेंद्र सिंह ने बताया कि युवक का शव बाग में फांसी के फंदे से लटका मिला। मोबाइल फोन से मिली जानकारी और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।


