Lucknow News : लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के पदमिनखेड़ा में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के नाम पर घरेलू बिजली कनेक्शन लिया था, लेकिन बिजली विभाग ने उसी व्यक्ति के नाम पर भी कनेक्शन दे दिया। इस घटना ने न केवल विभाग की लापरवाही को उजागर किया, बल्कि पीड़ित को अनावश्यक रूप से बिलों और कनेक्शन कटने की धमकी भी दी गई।
पदमिनखेड़ा निवासी गोकरन ने बताया कि उसने अपनी पत्नी कुंवारा के नाम पर घरेलू बिजली कनेक्शन लिया था और उसका नियमित बिल जमा करता आ रहा था। लेकिन कुछ समय बाद उसे बिजली विभाग से गोकरन के नाम पर एक और बिल मिलने लगा। गोकरन ने विभाग से संपर्क किया और बताया कि उसका कोई दूसरा कनेक्शन नहीं है, लेकिन विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं की गई। इसके बाद विभाग ने गोकरन को 41,000 रुपये का बकाया होने का नोटिस भेज दिया और कनेक्शन काटने की धमकी दी।
बिल और कनेक्शन के नामों में हुई हेरा फेरी
गोकरन (Lucknow News) ने इस मुद्दे को लेकर 7 दिसम्बर को सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद 21 दिसम्बर को फिर से उसने सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की, जिस पर विभाग ने मामले की जांच करने का आदेश दिया।
अधिशाषी अभियंता द्वारा की गई जांच में यह सामने आया कि गोकरन के नाम पर दूसरा कनेक्शन फर्जी था। रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया कि गोकरन की पत्नी के नाम पर तो बिल सही था, लेकिन गोकरन के नाम पर निर्गत बिल में 46,107 रुपये का बकाया था, जिसे स्थायी रूप से शून्य कर दिया गया।
अधिशाषी अभियंता ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि शिकायत को निस्तारित कर दिया गया है और फर्जी कनेक्शन का बिल माफ कर दिया गया है। हालांकि, इस मामले में विभाग की लापरवाही और गलत बिलिंग प्रणाली पर सवाल उठे हैं, जो अन्य उपभोक्ताओं के लिए भी चिंता का विषय बन सकती है।
ये भी देखें : Bihar के किसानों की बल्ले-बल्ले, Nitish Government ने कर दिया बड़ा ऐलान


