Milkipur Bypoll : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर उपचुनाव को देश के इतिहास का सबसे बड़ा चुनाव बताया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा मिल्कीपुर में अपनी पकड़ खो चुकी है। किसान, व्यापारी, युवा और महिलाएं सभी भाजपा को हराने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि मिल्कीपुर में सपा का प्रत्याशी नहीं, बल्कि पीडीए का प्रतिनिधि मैदान में है।
अखिलेश ने कहा कि दुनिया भर के पत्रकार और विद्वान इस चुनाव को देखने और समझने आएं। यह चुनाव भाजपा के भ्रष्ट तंत्र और पीडीए के बीच का मुकाबला है। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से अपील की कि इस उपचुनाव को पारदर्शी चुनाव का उदाहरण बनाया जाए। अखिलेश ने कहा कि भाजपा पहले ही भीतरघात के कारण कमजोर हो चुकी है।
ये भी देखें : Bihar के किसानों की बल्ले-बल्ले, Nitish Government ने कर दिया बड़ा ऐलान
उन्होंने यह भी कहा कि मिल्कीपुर का नतीजा एक बड़ा संदेश देगा और भाजपा का यह भ्रम टूट जाएगा कि कुछ लोग हमेशा उन्हें ही वोट देंगे। अखिलेश ने भरोसा जताया कि मिल्कीपुर में पीडीए का सौहार्द जीतेगा और साम्प्रदायिक राजनीति हारेगी।
अखिलेश ने भाजपा पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा की मजबूत स्थिति देखकर सत्ताधारी पार्टी अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल कर सकती है। उन्होंने भाजपा की संस्कृति और विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा अयोध्या में फाइव स्टार होटल और बार बना रही है। क्या यही उनका विकास का मॉडल है?


