Delhi Election : समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) का समर्थन करने वाले बयान ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। हरिद्वार में अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के खिलाफ लड़ने वाली क्षेत्रीय पार्टी को इंडिया गठबंधन के नेताओं का समर्थन मिलना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली में आप मजबूत स्थिति में है, इसलिए सपा ने उनका समर्थन करने का फैसला किया है। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस का विरोध नहीं किया, जिससे राहुल गांधी के लिए राहत की स्थिति बन गई। अखिलेश ने कहा कि गठबंधन के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए जीतने वाली क्षेत्रीय पार्टियों को समर्थन देना उनकी रणनीति का हिस्सा है।
ये भी देखें : Bihar के किसानों की बल्ले-बल्ले, Nitish Government ने कर दिया बड़ा ऐलान
अखिलेश यादव ने यह भी याद दिलाया कि इंडिया गठबंधन बनते समय यह निर्णय लिया गया था कि जहां कोई क्षेत्रीय पार्टी मजबूत होगी, उसे सहयोग दिया जाएगा। हालांकि, कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने अखिलेश के फैसले पर सवाल उठाया और इसे आप की आबकारी नीति से प्रेरित बताया। दीक्षित ने कटाक्ष करते हुए कहा कि अखिलेश यादव आप की नीतियों का समर्थन करते हैं या शायद वे अपने लिए कोई भव्य मकान बनवाना चाहते हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल पूरी तरह सक्रिय हैं। 5 फरवरी को एक ही चरण में मतदान होगा और वोटों की गिनती 8 फरवरी को होगी। आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जबकि भाजपा ने 59 सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 17 जनवरी है। दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन पिछली दो विधानसभा चुनावों में शून्य रहा है, जबकि आप ने 2020 के चुनावों में 70 में से 62 सीटें जीतकर अपना दबदबा बनाया था।


