UP News : सुलतानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ उसके ही गांव के युवक द्वारा शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक शारीरिक शोषण का मामला सामने आया है। पीड़िता ने युवक पर विश्वासघात और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
युवती को झांसे में लेकर शोषण
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी युवक ने फोन कॉल के जरिए उससे दोस्ती की और धीरे-धीरे विश्वास जीतकर उसके घर आने-जाने लगा। युवक ने शादी का वादा करते हुए कहा कि यदि उसके घर वाले इस रिश्ते के लिए राजी नहीं होते तो वह उन्हें फंसा देगा। इस भरोसे के चलते युवती ने संबंध बनाए।
गर्भपात का आरोप
पीड़िता के अनुसार, कुछ महीने पहले वह गर्भवती हो गई। जब उसने यह बात आरोपी को बताई तो उसने जबरन दवाएं खिलाकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद युवक ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और उससे दूरी बना ली।
पुलिस जांच में जुटी
घटना (UP News) से आहत पीड़िता अपनी मां के साथ गुरुवार को बल्दीराय थाने पहुंची और अपनी आपबीती बताते हुए लिखित तहरीर दी। थानाध्यक्ष ने युवती को आश्वासन दिया है कि आरोपी और उसके परिवार को बुलाकर शादी के लिए समझाया जाएगा। यदि वे राजी नहीं होते तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में सीओ बल्दीराय सौरभ सावंत ने बताया कि घटना का संज्ञान लिया गया है। जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : UP Weather News : यूपी में ठंड का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया कोहरे का अलर्ट


