CM Yogi : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के मिल्कीपुर स्थित हैरिंग्टनगंज ब्लॉक में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। उनके मंच पर आते ही “जय श्रीराम” के जोरदार नारे गूंज उठे। मुख्यमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत महाकुंभ के संदर्भ से की और कहा कि यह महाकुंभ 144 वर्षों के बाद हो रहा है, जो सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने दो दिन पहले उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों के साथ महाकुंभ में स्नान का अनुभव साझा किया और कहा कि महाकुंभ में 10 करोड़ से अधिक लोग बिना किसी भेदभाव के स्नान करने के लिए एकत्र हुए थे।
सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि महाकुंभ में श्रद्धालुओं का उत्साह और धार्मिक एकता साफ दिखाई देती है, लेकिन कुछ राजनीतिक दल इसे अपनी स्वार्थी राजनीति का शिकार बना रहे हैं। योगी ने विशेष रूप से समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, “महाकुंभ के आयोजन के बारे में सपा के लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं और जनता की आस्था से खिलवाड़ कर रहे हैं। यही वो लोग हैं जिन्होंने सरयू के जल को रामभक्तों के खून से लाल करने की कोशिश की थी।”
मुख्यमंत्री ने सपा सरकार के दौरान राज्य में बिगड़ी कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, भाजपा की सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है। लोग अब सुरक्षित महसूस करते हैं, व्यापारी सुरक्षित हैं, और माफिया अपनी जगह पर नहीं हैं। सपा के शासनकाल में बेटियां सड़क पर नहीं निकल सकती थीं, व्यापारी लूटे जाते थे, और भूमाफिया संपत्तियों पर कब्जा कर लेते थे। उन्होंने यह भी कहा कि अब माफिया जेल की सलाखों के पीछे हैं और अयोध्या का विकास तेजी से हो रहा है।
अयोध्या को पुराना गौरव वापस मिल रहा – योगी
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अयोध्या में राम की पैड़ी को लेकर सपा के शासनकाल में स्थिति काफी खराब थी, लेकिन अब लाखों लोग वहां स्नान के लिए आते हैं, और अयोध्या को उसका पुराना गौरव वापस मिल रहा है। इस जनसभा के दौरान प्रदेश सरकार के कई मंत्री भी मंच पर मौजूद थे, जिनमें जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, चिकित्सा राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, आयुष राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु और अन्य भाजपा नेता शामिल थे।
इसके अलावा, भाजपा के जिला अध्यक्ष संजीव सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। जनसभा में हर बूथ से कार्यकर्ता और आम जनता की बड़ी संख्या में उपस्थिति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री की इस सभा से उपचुनाव में भाजपा को एक मजबूत संदेश मिलेगा और पार्टी बड़ी जीत हासिल करेगी।
ये भी देखें : Akhilesh Yadav on CM Yogi: अखिलेश यादव ने साधा विपक्ष पर निशाना | Dainik Hint |


