Prayagraj : समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान डुबकी लगाने पहुंचे। संगम में स्नान के बाद उन्होंने कहा कि कुंभ में लोग बिना बुलाए अपनी आस्था के साथ आते हैं। उन्होंने 11 पवित्र डुबकियां लगाईं और इस अवसर को उत्सव जैसा बताया। अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि विभाजनकारी और नकारात्मक राजनीति के लिए यहां कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
अखिलेश यादव ने कहा कि महाकुंभ (Prayagraj) में बुजुर्गों के लिए विशेष प्रबंध होना चाहिए ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार को इस आयोजन को खेल का आयोजन नहीं बनाना चाहिए और व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि लोग आराम से कुंभ का आनंद ले सकें। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि बुजुर्गों और वीआईपी लोगों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
ये भी देखें : Arvind Kejriwal पर Amit Shah का कटाक्ष, “भोले से चेहरे के साथ केजरीवाल जनता के सामने आ जाते हैं”
सपा प्रमुख ने महाकुंभ के आयोजन पर सरकार की व्यवस्थाओं की आलोचना करते हुए कहा कि लोग यहां असुविधा का सामना कर रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि 10 हजार करोड़ रुपये के बजट से बेहतर व्यवस्थाएं की जा सकती थीं। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग मां गंगा के सामने झूठ बोल रहे हैं और सरकार को लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
अखिलेश यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा स्थापित करने पर सरकार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि साधु-संतों की भी उतनी ही प्रतिमाएं लगाई जानी चाहिए जितनी सरकार ने अपनी तस्वीरें लगाई हैं। उन्होंने महाकुंभ में सद्भाव, सहनशीलता और सद्भावना बनाए रखने की अपील की।


