Sonbhadra : उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां मुगलसराय से डीजल लेकर उड़ीसा जा रहा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। टैंकर में डीजल होने की खबर फैलते ही स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में डिब्बे और बाल्टियां लेकर घटनास्थल पर पहुंचे और डीजल भरने लगे। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की लंबी कतार लग गई।
यह घटना म्योरपुर थाना क्षेत्र के रासपहरी गांव के पास रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर शनिवार की शाम हुई। टैंकर पलटने के बाद ग्रामीणों ने मौके का फायदा उठाते हुए बड़ी मात्रा में डीजल अपने साथ ले लिया। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को वहां से हटाया। प्रभारी निरीक्षक हेमंत सिंह ने बताया कि डीजल अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग लगने की संभावना बनी रहती है, इसलिए उन्होंने ग्रामीणों को तुरंत घटनास्थल छोड़ने के निर्देश दिए।
हादसे के दौरान टैंकर का चालक मौके से फरार हो गया, जिससे दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका। पुलिस ने रेणुकूट से दो क्रेन बुलाकर टैंकर को सीधा कराया। हालांकि, तब तक काफी मात्रा में डीजल खेतों में बह चुका था और ग्रामीण उसे भरकर ले जा चुके थे। पुलिस ने वाहन मालिक और संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों को घटना की जानकारी दे दी है।


