Prayagraj : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार देर रात महाकुंभ के संगम नोज पर मची भगदड़ की घटना पर कहा कि संगम नोज, अखाड़ा मार्ग और नाग वासुकी मार्ग पर भारी भीड़ का दबाव है, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि इस समय प्रयागराज में आठ से दस करोड़ श्रद्धालु मौजूद हैं, जिससे प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति को संभाल रहा है।
मुख्यमंत्री ने भगदड़ की घटना की समीक्षा के लिए उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि रात एक से दो बजे के बीच संगम नोज के पास भगदड़ मची, जब कुछ श्रद्धालु बैरिकेड्स फांदकर आगे बढ़ने लगे। इस दौरान कुछ लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
ये भी देखें : Ravi Kishan का AAP पर निशाना, “AAP ने झूठ की गारंटियां निकाली हैं…
उन्होंने कहा कि कल साढ़े पांच करोड़ श्रद्धालुओं ने महाकुंभ में स्नान किया था, जिससे संगम नोज पर भीड़ लगातार बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सुबह से अब तक चार बार बात हुई है और उन्होंने स्थिति का जायजा लिया है। इसके अलावा, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी हालात की जानकारी ली है।
योगी आदित्यनाथ ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें। प्रशासन पूरी तत्परता से सभी श्रद्धालुओं की सेवा में लगा हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि कोई भी अफवाह फैलाने का प्रयास करेगा तो इससे अनावश्यक भय उत्पन्न होगा, जिससे नुकसान हो सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज में भारी भीड़ के कारण संगम नोज पर स्नान करना जरूरी नहीं है। श्रद्धालुओं के स्नान के बाद अखाड़ों और संतों का स्नान होगा, जिसके लिए भीड़ कम होने का इंतजार किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे नजदीकी घाटों पर ही स्नान करें और संगम नोज की तरफ जाने से बचें, जिससे प्रशासन सकुशल स्नान व्यवस्था सुनिश्चित कर सके।


