Mahakumbh : महाकुंभ के दौरान संगम पर पवित्र डुबकी लगाने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या शुक्रवार को 40 करोड़ के पार पहुंच गई। उत्तर प्रदेश सरकार ने आधिकारिक आंकड़े जारी कर बताया कि 7 फरवरी को 48 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती नदियों के संगम में स्नान किया।
मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी पर अमृत स्नान के आयोजन के बावजूद बड़ी संख्या में तीर्थयात्री अब भी महाकुंभ में पहुंच रहे हैं। राज्य सरकार के अनुसार, मौनी अमावस्या के दिन सबसे अधिक भीड़ उमड़ी, जब आठ करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया।
मकर संक्रांति के अवसर पर 3.5 करोड़ लोगों ने पवित्र स्नान किया, जबकि बसंत पंचमी के दिन 2.57 करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाने पहुंचे। इसके अलावा, 30 जनवरी और 1 फरवरी को दो करोड़ से अधिक लोगों ने तथा पौष पूर्णिमा के अवसर पर 1.7 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम स्नान किया।
ये भी देखें : Yamuna सफाई पर घिरे Arvind Kejriwal; Swati Maliwal ने किया घर के बाहर प्रदर्शन
महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यसभा सांसद सुधा मूर्ति और सपा प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई बड़े नेताओं ने भाग लिया। इसके अलावा, हेमा मालिनी, अनुपम खेर, साइना नेहवाल और रेमो डिसूजा जैसी प्रसिद्ध हस्तियां भी स्नान करने पहुंचीं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी सोमवार को प्रयागराज (Mahakumbh) आकर संगम पर विशेष अनुष्ठान में भाग लेंगी। 13 जनवरी 2025 को शुरू हुआ महाकुंभ 26 फरवरी 2025, महाशिवरात्रि के दिन समाप्त होगा।