UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक आयोजित होने जा रही है, जिसमें कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा के साथ मंजूरी की संभावना जताई जा रही है। खासतौर पर यह बैठक आवास और लोक निर्माण विभाग (PWD) से जुड़े विषयों को लेकर महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
यमुना एक्सप्रेसवे को ईस्टर्न पेरिफेरल से जोड़ने का प्रस्ताव
बैठक में सबसे बड़ा एजेंडा यमुना एक्सप्रेसवे को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ने को लेकर है। फिलहाल यह काम यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YIDA) के अधीन है, लेकिन अब इसे नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) को सौंपे जाने की तैयारी है। इसके लिए YIDA के पहले से स्वीकृत प्रस्ताव को निरस्त कर NHAI को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इससे न केवल प्रोजेक्ट की रफ्तार बढ़ेगी बल्कि निर्माण की गुणवत्ता भी बेहतर होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को दिल्ली-एनसीआर के ट्रैफिक को कम करने के मकसद से 2018 में शुरू किया गया था। अब इसे यमुना एक्सप्रेसवे से जोड़ने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और आगरा के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
हाईटेक टाउनशिप नीति में संशोधन प्रस्ताव भी शामिल
बैठक में आवास विभाग की ‘उत्तर प्रदेश हाईटेक टाउनशिप नीति’ में बदलाव से जुड़ा प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इस नीति का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में विकास को बढ़ावा देना है और बड़े निवेशकों को आकर्षित करना है। अब इसमें कुछ संशोधन कर इसे और अधिक सरल और निवेशक हितैषी बनाने की योजना है।
नगरीय उपयोग प्रभार पर नई नियमावली को मंजूरी की संभावना
इसके अलावा, जो लोग कृषि भूमि को शहरी उपयोग में परिवर्तित करते हैं, उनसे नगरीय उपयोग शुल्क (Urban Use Charges) वसूलने के लिए एक नई नियमावली भी कैबिनेट में पेश की जाएगी। इस नियमावली में शुल्क वसूली के स्पष्ट दिशा-निर्देश होंगे।
बैठक में अन्य विभागों के कई छोटे-बड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा की जा सकती है। माना जा रहा है कि विधानसभा सत्र से पहले राज्य सरकार विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को गति देने के लिए नीति-निर्माण की प्रक्रिया को तेज कर रही है।