BJP Executive President: भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार के विधायक नितिन नबीन फिलहाल बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। उनकी इस नई भूमिका को संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
संगठन और सरकार दोनों का अनुभव बना आधार
नितिन नबीन 45 वर्ष के युवा नेता हैं और उनके पास संगठन तथा सरकार—दोनों स्तरों पर काम करने का व्यापक अनुभव है। वह कायस्थ समुदाय से आते हैं और बिहार की राजनीति में एक मजबूत पहचान रखते हैं। बीजेपी में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से पहले जेपी नड्डा को भी कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था, ऐसे में नितिन नबीन की यह नियुक्ति पार्टी की भविष्य की रणनीति से भी जोड़कर देखी जा रही है।
राजनीतिक विरासत और शुरुआती सफर
नितिन नबीन बीजेपी के वरिष्ठ नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे हैं। पिता के निधन के बाद उन्होंने 2006 में पहली बार बांकीपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार जीत दर्ज करते हुए पांच बार विधायक बनने का रिकॉर्ड बनाया।
बिहार सरकार में तीन बार मंत्री
नितिन नबीन बिहार सरकार में अब तक तीन बार मंत्री रह चुके हैं। वर्तमान में वह सड़क निर्माण मंत्री के तौर पर कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा वे छत्तीसगढ़ बीजेपी के प्रभारी भी रह चुके हैं और भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। यह अनुभव उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारी के लिए मजबूत दावेदार बनाता है।
2025 विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत
2025 के विधानसभा चुनाव में नितिन नबीन ने बांकीपुर सीट से आरजेडी की रेखा कुमार को 51,936 वोटों के बड़े अंतर से हराया। उन्हें कुल 98,299 वोट मिले, जबकि रेखा कुमार को 46,363 वोटों पर संतोष करना पड़ा। यह जीत उनके मजबूत जनाधार और संगठनात्मक पकड़ को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री मोदी और वरिष्ठ नेताओं की बधाई
नितिन नबीन की नियुक्ति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वह एक युवा, मेहनती और अनुभवी नेता हैं। पीएम मोदी ने उनके विनम्र स्वभाव, जमीनी कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उन्हें कर्मठ कार्यकर्ता बताते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
बिहार में जश्न और नेताओं की प्रतिक्रिया
नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पटना में बीजेपी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इसे पार्टी के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। वहीं, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि नितिन नबीन के नेतृत्व में बीजेपी बिहार से लेकर पूरे देश में और मजबूत होगी।
नितिन नबीन की राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति न सिर्फ बिहार बल्कि राष्ट्रीय राजनीति में भी उनके कद को दर्शाती है। संगठन और सरकार दोनों का अनुभव रखने वाले नितिन नबीन से पार्टी को आने वाले समय में नई ऊर्जा और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: CM Yogi: बाबा साहेब आंबेडकर की मूर्तियों की सुरक्षा को मिलेगा नया सिस्टम, योगी सरकार का बड़ा फैसला
ये भी देखें: National Herald Case: नेशनल हेराल्ड का पूरा सच | कांग्रेस, BJP और ED की कहानी


