Agra : उत्तर प्रदेश के आगरा (Agra) में धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां आरोपी ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से पारिवारिक संबंध होने का दावा किया है। शिकायतकर्ता ने हरीपर्वत थाने में शिकायत दर्ज कराई है और लिखित बयान के आधार पर पुलिस ने कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। फिलहाल अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
₹5 लाख की ठगी
नगला परसोती सदर निवासी फौरन सिंह कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि मोतिया बगीची के लंगड़े की चौकी के विनोद कुशवाहा से उसकी जान-पहचान थी। विनोद ने खुद को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का रिश्तेदार और करीबी बताया। इस संबंध का फायदा उठाते हुए उसने फौरन सिंह कुशवाहा के बेटे को नौकरी दिलाने का दावा किया और इसके बदले में ₹5 लाख की भारी रकम की मांग की। सरकारी नौकरी की चाह में फौरन सिंह ने मांग पूरी की और मांगी गई राशि सौंप दी।
ये भी पढे़ें : अखिलेश यादव कांग्रेस और भाजपा पर बरसे, दोनों को जातीय जनगढ़ना के खिलाफ बताया
पैसे वापस मांगने पर दी धमकी
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होनें सितंबर 2022 से किस्तों में राशि का भुगतान किया। हालांकि पैसे मिलने के बाद आरोपी ने नौकरी देने के वादे को एक साल से अधिक समय तक टाल दिया। पैसे वापस मांगने पर विनोद ने डराया और धमकी दी। पुलिस ने लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े साक्ष्य और सबूत इकठ्ठा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


