Mohammed Shami : क्रिकेट वर्ल्ड कप में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले धाकड़ गेंदबाज मोहम्मद शमी अपने गृह नगर सहसपुर अली नगर में सुर्खियां बटोर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में जिम्मेदार अधिकारियों ने उनके गांव में एक मिनी स्टेडियम बनाने की योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री ने राज्य के 20 जिलों में ब्लॉक स्तर पर उन क्षेत्रों में स्टेडियम बनाने का निर्देश दिया था जहां खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं नहीं हैं.
सीडीओ ने किया मुआयना
जिले में मिनी स्टेडियम के निर्माण के लिए अफसरों ने जोया ब्लॉक क्षेत्र के सहसपुर अली नगर को चुना है। भारतीय क्रिकेट के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इसी गांव के रहने वाले हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में सात विकेट लेकर उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम को विश्व कप फाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने काम में तेजी लाने का निर्देश दिया. सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र ने शुक्रवार को गांव का दौरा कर चयनित भूमि का आकलन किया। सीडीओ के मुताबिक बजट आवंटित होते ही निर्माण शुरू हो जाएगा।
अमरोहा के डीएम ने क्या कहा?
बता दें कि भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज़ मोहम्मद शमी उत्तर प्रदेश सूबे के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं. अमरोहा के जिलाधिकारी राजेश कुमार त्यागी ने बताया कि मोहम्मद शमी के गांव में मिनी स्टेडियम के साथ ही ओपन जिम बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. इस प्रयोजन हेतु पर्याप्त एवं उपयुक्त भूमि भी उपलब्ध है।
ये भी पढ़े : गौर सिटी में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व


