Ghaziabad: गाजियाबाद में जलभराव की समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज अर्थला के लोगों ने मंगलवार को मेट्रो स्टेशन के बाहर धरना दिया। लोगों ने नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों का समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ किया। स्थानीय पार्षद मनोज पाल ने कहा कि अर्थला के मेन रोड के अंदर जल निकासी नहीं हो रही है। जिस कारण सारा पानी सड़क के ऊपर आ रहा है। मेट्रो लाइन में नीचे पानी की पाइपलाइन चोक हो गई है। इस समस्या की शिकायत नगर निगम और डीएमआरसी से की गई। लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की।
उन्होंने कहा कि धरना-प्रदर्शन के बाद डीएमआरसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समस्या को लेकर बातचीत की। बुधवार को नगर निगम, डीएमआरसी और स्थानीय लोगों के बीच बैठक होगी। जिसमें समस्या के समाधान पर चर्चा होगी। पार्षद मनोज पाल ने बताया कि अर्थला में जलनिकासी की समस्या काफी पुराना है। मेट्रो के निर्माण के बाद यह और भयावह हो गई है। निकासी नहीं होने के कारण सड़क पर जल बहता है।
ये भी पढ़ें..
रसगुल्ले के लिए शादी में चले लाठी-डंडे, हिंसा के बाद कई लोग हुए घायल
नगर निगम इस समस्या का पल्ला डीएमआरसी के मत्थे फोड़ता है जबकि डीएमआरसी का कहना है कि यह काम नगर निगम का है। धरना-प्रदर्शन में दीपक राघव, कमल पाल, अनुजपाल, बंटी कुमार, नितेश शर्मा, विनीत चौधरी, ठाकुर रामसिंह, चंद्रपाल डबास, वीर डबास आदि शामिल हुए।


