Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा के एक बैंक्विट हॉल में आग लगने की खबर सामने आ रही है। यहां आग की लपटों ने बैंक्विट हॉल को अपने चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास की दर्जनों झुग्गियों में रह रहे लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी फायर ब्रिगेड की सहायता से आग बुझाने में जुटे हुए हैं। घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे के आसपास की बताई जा रही हैं।
नोएडा के थाना-113 क्षेत्र के सर्फाबाद गांव में बंगाली मार्किट के पास बने लोटस ग्रैंडर बैंक्वेट हॉल में भीषण आग लग गयी। सर्फाबाद निवासी सोनू यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बैंक्विट हॉल के पीछे के हिस्से में कुछ मजदूर वेल्डिंग से काम कर रहे थे। शायद वेल्डिंग से निकली चिंगारी की वजह से बैंक्विट हॉल में आग लग गयी। कुछ ही देर बाद चिंगारी से निकली आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटों ने कुछ क्षण में ही पूरे बैंक्विट हॉल को अपनी चपेट में ले लिया। आग की विकराल रूप देख आसपास बनी दर्जनों झुग्गी में रह रहे लोगों में भय का माहौल बन गया। मौके पर हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान बैंक्विट हॉल में 4 से 5 सिलिंडर फटने की आवाज भी लोगों को सुनाई दी। लोगों की माने तो इस घटना में बैंक्विट हॉल के मालिक का तकरीबन 20 लाख से अधिक का नुकसान हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारियों को दी गयी। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियां आग को बुझाने के प्रयास में जुट गई है। फिलहाल घटना के आसपास के क्षेत्रों को खाली करवा लिया गया है और बुझाने के प्रयास किये जा रहे हैं। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू करने का प्रयास जारी हैं।
ये भी पढ़ें..
काशी विश्वनाथ की तरह भव्य बनेगा बांके बिहारी कॉरिडोर, यमुना नदी से होगा लिंक, जानिए पूरा प्लान
गौतमबुद्ध नगर के सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही हमारी टीम मौके पर पहुंच गई है। दमकल विभाग की 2 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार 4 और गाड़ियों को मंगवाया गया है। घटना में कितने का नुकसान हुआ है वो इन्वेस्टीगेशन के बाद ही आंकलन कर बताया जा पायेगा। फिलहाल हमारी टीम द्वारा 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया जाएगा।


