Vande Bharat : उत्तर प्रदेश में एक बार फिर वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि गोरखपुर से लखनऊ जा रही वंदे भारत ट्रेन पर हमला हुआ है. इस सेमी हाई-स्पीड ट्रेन पर पिछले चार महीने में चौथी बार पथराव की शिकायतें सामने आई हैं. गुरुवार को रौसली स्टेशन आउटर के पास उपद्रवियों ने वंदे भारत ट्रेन पर पथराव कर दिया।
पथराव से विंडो सी-6 का शीशा टूट गया। अचानक हुए पथराव से कोच में बैठे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया. वहीं, जीआरपी और आरपीएफ मामले की जांच कर रही है. गौरतलब है कि गोरखपुर से अयोध्या होते हुए लखनऊ तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन 9 जुलाई से शुरू हुई थी. प्रधानमंत्री ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी.
ट्रेन चले अभी दो दिन भी नहीं हुए थे कि अयोध्या-लखनऊ रूट पर देवरा कोट और सोहावल के बीच पथराव की घटना हो गई। इसके बाद 15 सितंबर को मल्हौर में ए-4 कोच की खिड़की पर पथराव हुआ. इसके बाद बाराबंकी में भी ऐसी ही घटना सामने आई। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन पर पथराव की जानकारी मिली है.
उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए सीसीटीवी का सहारा लिया जाएगा। इस बीच पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि गोरखपुर से लखनऊ तक चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को प्रयागराज तक बढ़ाने की योजना बनाई गई है. जल्द ही शेड्यूल जारी किया जाएगा. पथराव की घटना से वह भी नाराज हैं और उन्होंने इच्छा जताई है कि ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए.


