Jhansi : प्रार्थना सभा के दौरान धार्मिक नारे लगाए जाने का आरोप सामने आने के बाद शनिवार को उत्तर प्रदेश के झांसी (Jhansi) के मऊरानीपुर में सेंट मैरी सेकेंडरी स्कूल के गेट पर बड़ी संख्या में एबीवीपी (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) के कार्यकर्ता एकत्र हो गए। मौके पर पहुंचकर उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। एबीवीपी कार्यकर्ताओं और स्कूल गार्डों के बीच तनाव बढ़ गया जिससे तीखी झड़प हुई।
हंगामे की सूचना मऊरानीपुर पुलिस को दी गई और वह तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने हस्तक्षेप कर कार्यकर्ताओं को शांत कराया और उन्हें तितर-बितर होने का निर्देश दिया। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को परिसर से हटा दिया गया। उधर मामले की जांच के बाद स्कूल प्रशासन ने पूरी घटना से खुद को अलग कर लिया है। स्कूल प्रबंधन ने कहा कि उन्होंने धार्मिक नारों के आधार पर किसी भी छात्र को निष्कासित नहीं किया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को एक घटना सामने आई थी जहां सेंट मैरी स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान कथित तौर पर धार्मिक नारे लगाए गए थे। स्कूल प्रशासन ने एक छात्रा समेत दो छात्रों को निलंबित कर दिया था। शनिवार को पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई कर स्थिति पर काबू पा लिया गया। इंस्पेक्टर जेपी पाल ने बताया कि स्कूल प्रशासन ने प्रार्थना सभा के दौरान धार्मिक नारे लगाए जाने से संबंधित घटनाओं में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है।


