UP Police : उत्तर प्रदेश पुलिस (UP Police) ने 60,244 कांस्टेबल पदों की भर्ती के लिए एक अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती के लिए उम्मीदवार 27 दिसंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हालांकि बड़ी संख्या में आवेदक अधिक आयु वाले उम्मीदवारों के लिए आयु में छूट की मांग कर रहे हैं। इस मामले में रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने भी समर्थन दिया है। यूपी पुलिस भर्ती में आयु सीमा को लेकर राज्यसभा सांसद और रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। इस पत्र में रालोद विधायक ने सीएम योगी से आयु सीमा पार कर चुके अभ्यर्थियों को छूट देने का आग्रह किया है।
पुलिस भर्ती में मांगी 5 वर्ष की छूट
रालोद विधायक ने अपने पत्र में लिखा, ”माननीय मुख्यमंत्री जी, यूपी पुलिस में भर्ती के लिए विज्ञापन 23 दिसंबर 2023 को समाचार पत्रों में प्रकाशित किया गया था। इसमें आयु सीमा में कोई छूट नहीं दी गई है। सामान्य वर्ग के लिए आयु सीमा यूपी पुलिस में भर्ती के लिए 18 से 22 साल की सीमा होती है। राज्य में आखिरी भर्ती 16 नवंबर 2018 को हुई थी। इन पांच वर्षों के दौरान पुलिस में कोई भर्ती नहीं होने के कारण राज्य के लाखों युवा पहले ही आयु सीमा पार कर चुके हैं।”
मांग को बताया उचित
आगे रालोद विधायक ने लिखा, ”इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए इस अंतराल के दौरान जो अभ्यर्थी अपात्र हो गए हैं उनके लिए आयु सीमा में छूट की मांग करना एक दम औचित्यपूर्ण एवं न्यायसंगत है। मेरा भी मानना है कि प्रदेश में अभ्यर्थियों को भर्ती में आयु में छूट प्रदान की जानी चाहिए। आशा है कि इन तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आप राज्य के युवाओं की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेंगे और वर्तमान भर्ती में आयु सीमा में छूट प्रदान करेंगे।”
जानिए क्या है आयु सीमा
गौरतलब है कि इस यूपी पुलिस भर्ती में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 22 वर्ष है। इसके मुताबिक इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों का जन्म 2 जुलाई 2001 से पहले और 1 जुलाई 2005 के बाद नहीं होना चाहिए। महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 25 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके अलावा एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को आरक्षण नियमों के अनुसार 5 साल की छूट प्रदान की जाती है।


