UP Tourism : साल दर साल उत्तर प्रदेश (यूपी) नए कीर्तिमान स्थापित करते हुए विश्व पर्यटन मानचित्र (UP Tourism) पर अपनी मजबूत स्थिति स्थापित कर रहा है। यूपी हर साल अपने ही रिकॉर्ड तोड़ता जा रहा है। जहां 2022 में राज्य ने 31.85 करोड़ पर्यटकों का स्वागत किया वहीं 2023 के पहले 9 महीनों में 32 करोड़ से अधिक पर्यटक यूपी की यात्रा कर चुके हैं। इसमें बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक शामिल हैं। राज्य के गंतव्यों में काशी (वाराणसी) पर्यटकों द्वारा सबसे पसंदीदा रहा है जबकि प्रयागराज (इलाहाबाद) और अयोध्या ने भी लाखों आगंतुकों को आकर्षित किया है।
2023 के पहले 9 महीनों में काशी ने उल्लेखनीय 8.42 करोड़ तीर्थयात्रियों को आकर्षित किया। साल 2023 न केवल केंद्र और राज्य की कल्याणकारी योजनाओं के लिहाज से बल्कि पर्यटन क्षेत्र के लिहाज से भी यूपी के लिए अहम साबित हुआ है। जनवरी और सितंबर 2023 के बीच, यूपी में कुल 31,91,95,206 घरेलू पर्यटक और 9,54,866 विदेशी पर्यटक आए। इस अवधि के दौरान वाराणसी ने सबसे अधिक संख्या में पर्यटकों को आकर्षित किया यहां कुल 8,42,04,814 पर्यटक आये। इनमें 8,40,71,726 घरेलू पर्यटक और 1,33,088 अंतरराष्ट्रीय पर्यटक थे। वाराणसी के बाद प्रयागराज पर्यटकों के लिए दूसरा सबसे पसंदीदा स्थान बनकर उभरा है।
जनवरी और सितंबर 2023 के बीच प्रयागराज में कुल 4,49,95,996 पर्यटक आए जिनमें 4,49,93,289 घरेलू पर्यटक और 2,707 अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक थे। इसी अवधि में कुल 2,03,64,347 पर्यटकों के साथ अयोध्या ने तीसरा स्थान हासिल किया। इनमें 2,03,62,713 घरेलू पर्यटक और 1,634 अंतरराष्ट्रीय पर्यटक थे। गौरतलब है कि जनवरी और जुलाई में उत्तर प्रदेश में पर्यटकों की सबसे ज्यादा संख्या 5.56 से 5.80 करोड़ के बीच दर्ज की गई। यूपी एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है और दुनिया भर से पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।


