Ram Mandir : अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर (Ram Mandir) में सोने के दरवाजे लगाने का काम जोरों पर है। इसी बीच सुनहरे दरवाजे की पहली तस्वीर सामने आ गई है। यह द्वार रामलला के गर्भगृह का मुख्य प्रवेश द्वार है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अगले तीन दिनों में ऐसे 13 और दरवाजे लगाए जाएंगे। राम मंदिर में स्थापित पहले दरवाजे पर एक हजार किलोग्राम सोना चढ़ाया गया है।
सुबह लगा सबसे पहला दरवाज़ा
श्री राम जन्मभूमि मंदिर में कलात्मक दरवाजे लगाए जा रहे हैं। दरवाजों पर विष्णु के कमल, भव्यता के प्रतीक, हाथियों और स्वागत भाव में देवी-देवताओं का चित्रण है। श्री राम मंदिर के दरवाजे प्राचीन सागवान के पेड़ों से बने हैं। सोमवार सुबह 3:22 बजे पहला दरवाजा लगाया गया। इस सप्ताह सभी दरवाजे स्थापित होने की उम्मीद है।
कुल 44 दरवाज़े होंगे
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय के प्रभारी अधिकारी प्रकाश गुप्ता ने हाल ही में बताया कि राम लला के मंदिर में 44 दरवाजे होंगे, जिसमें 14 दरवाजे चांदी की परत से सुसज्जित होंगे। इसके अतिरिक्त 30 दरवाजों पर चांदी की परत चढ़ाई जाएगी जिसमें भगवान रामलला के सिंहासन पर चांदी की परत भी शामिल है।
चांदी का होगा राम लला का सिंहासन
ऐसे में जहां भगवान रामलला विराजमान होंगे, वहां सिंहासन चांदी का बना हुआ है। जब भक्त दूर से भगवान रामलला के दर्शन करेंगे तो उन्हें एक भव्य दृश्य दिखाई देगा क्योंकि भगवान रामलला का सिंहासन भी चांदी से तैयार किया गया है। मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है गर्भगृह पूरी तरह से तैयार हो चुका है और पहली मंजिल का 80% काम पूरा हो चुका है।


