Lucknow University : सरकार द्वारा अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के दिन छुट्टी की घोषणा के कारण 22 जनवरी को होने वाली लखनऊ विश्वविद्यालय (Lucknow University) की विभिन्न विषयों की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं और नए परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा की गई है। एलयू के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के कारण सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की है. उन्होंने बताया कि इसके मद्देनजर विश्वविद्यालय में उस दिन होने वाली सभी विषयों की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं और संशोधित परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है. वाणिज्य, भौतिकी, रसायन विज्ञान, सॉफ्टवेयर विकास, जैव रसायन, अंग्रेजी और अन्य विषयों के लिए अद्यतन परीक्षा कार्यक्रम एलयू की वेबसाइट पर देखा जा सकता है।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने प्राण-प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों की समीक्षा के लिए मंगलवार को अयोध्या में अधिकारियों के साथ बैठक में 22 जनवरी को राज्य भर के सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी का आदेश दिया था। 22 जनवरी को अयोध्या में राम लला की नई मूर्ति के बहुप्रतीक्षित प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले मुख्यमंत्री ने राज्य में शैक्षणिक संस्थानों को भी बंद रखने का निर्देश दिया है। उन्होंने इस अवसर को ‘राष्ट्रीय पर्व’ बताते हुए 22 जनवरी को राज्य में शराब की दुकानें बंद रखने का भी निर्देश दिया है. इससे पहले श्री रामलला और हनुमान गढ़ी के दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक की. प्राण-प्रतिष्ठा के लिए मकर संक्रांति के बाद शुरू होने वाले वैदिक अनुष्ठानों के बारे में जानकारी इकट्ठा करते हुए, आदित्यनाथ ने ट्रस्ट के अधिकारियों को समारोह की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए सभी आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


