Consecration Ceremony : देश और दुनिया भर से लाखों की संख्या में श्रद्धालु 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम (Consecration Ceremony) का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस आयोजन को देखते हुए शहर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बारे में बोलते हुए विशेष डीजीपी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा, “अयोध्या में कार्यक्रम देश और पूरी दुनिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इसके लिए व्यापक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं जिसमें सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी भी शामिल है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले और बाद में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए बेहतर सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।
कुमार ने बताया कि अयोध्या में 10,000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। विशेष डीजीपी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि शहर की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस की सहायता के लिए आधुनिक उपकरण तैनात किए गए हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह और उसके बाद श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा योजना तैयार की गई है। इन उपायों का उद्देश्य महत्वपूर्ण आयोजन के लिए एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है और सुरक्षा योजना प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने वाले भक्तों और उसके बाद अयोध्या आने वाले भक्तों को ध्यान में रखती है।


