SP-RLD : उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारे से एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। 2024 के लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोक दल इंडी गठबंधन के तहत कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी इसे लेकर फैसला हो गया है। खबर है कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में आरएलडी (SP-RLD) को 7 सीटें देगी। इसका मतलब यह है कि आरएलडी यूपी में 7 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला हुआ है।
क्या आरएलडी ने मांगी 12 सीटें?
चर्चा थी कि रालोद ने गठबंधन के तहत 12 सीटों की मांग की है। हालांकि सूत्र बताते हैं कि 7 सीटों पर सहमति बन गई है। गौरतलब है कि 2019 में एसपी-बीएसपी गठबंधन के तहत आरएलडी ने 3 सीटों पर चुनाव लड़ा था। हालांकि आरएलडी को बीजेपी के मुकाबले सभी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा और उसे 1.69% वोट शेयर हासिल हुआ था।
RLD ने मांगी थी ये 12 सीटें
सूत्रों के मुताबिक आरएलडी ने कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनोर, नगीना, अमरोहा, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, हाथरस, फतेहपुर सीकरी, मथुरा और बागपत में सीटों की मांग की थी। गठबंधन के बाद सपा प्रमुख ने ट्वीट किया कि राष्ट्रीय लोक दल और समाजवादी पार्टी के गठबंधन के लिए सभी को बधाई! जीत के लिए सभी एकजुट हों एकजुट होकर आगे बढ़ें!
अखिलेश के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए जयंत ने कहा कि हमेशा राष्ट्रीय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं हमें उम्मीद है कि हमारे सभी गठबंधन कार्यकर्ता एक साथ आएंगे अपने क्षेत्रों के विकास और समृद्धि के लिए कदम आगे बढ़ाएंगे!
कांग्रेस और सपा के बीच क्या हो रहा है?
फिलहाल यह तय नहीं हुआ है कि कांग्रेस और सपा उत्तर प्रदेश में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। हालांकि सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस इंडी गठबंधन के तहत यूपी में 23 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। राजनीतिक गलियारों में अटकलें हैं कि कांग्रेस ने इन 23 सीटों की सूची एसपी को सौंप दी है जिन पर वह चुनाव लड़ना चाहती है। कांग्रेस ने इन 23 सीटों को दो हिस्सों में बांट दिया है। पहले भाग में श्रेणी ‘ए’ में 14 सीटें शामिल हैं जबकि शेष 9 सीटें श्रेणी ‘बी’ में रखी गई हैं। बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी, अजय राय, अविनाश पांडे समेत कांग्रेस नेताओं ने मिलकर यह सूची तैयार की है।
कांग्रेस ने मांगी ये 23 सीटें
मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस ने सहारनपुर/बिजनौर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, वाराणसी, फर्रुखाबाद, महाराजगंज, बाराबंकी, कानपुर सीटों से चुनाव लड़ने की मांग की है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस इमरान मसूद को सहारनपुर या बिजनौर से मैदान में उतार सकती है। सलमान खुर्शीद फर्रुखाबाद से उम्मीदवार हो सकते हैं और सुप्रिया श्रीनेत महाराजगंज से चुनावी मैदान में उतर सकती हैं।


