Atul Subhash Case : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंजीनियर अतुल सुभाष मोदी सुसाइड केस लगातार सुर्खियों में है। इस मामले में आरोपी पत्नी निकिता सिंघानिया और उनके ससुराल के अन्य सदस्यों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है। निकिता सिंघानिया के साथ उनकी मां निशा सिंघानिया, भाई अनुराग सिंघानिया, और चाचा सुशील सिंघानिया ने गिरफ्तारी से बचने के लिए यह अर्जी दी है।
शुक्रवार, 13 दिसंबर को हाईकोर्ट की रजिस्ट्री में अर्जी दाखिल हुई। इस पर मंगलवार या बुधवार को सुनवाई होने की संभावना है। निकिता का परिवार अर्जेंट सुनवाई की मांग करते हुए सोमवार को हाईकोर्ट में केस मेंशन करने की तैयारी में है। वे अदालत से अग्रिम जमानत की अर्जी पर उसी दिन या जल्द से जल्द सुनवाई करने की अपील करेंगे।
वहीं, अतुल सुभाष मोदी के परिवार द्वारा सिंघानिया परिवार की अग्रिम जमानत अर्जी का विरोध किए जाने की संभावना है। हालांकि, अभी तक अतुल के परिवार की ओर से हाईकोर्ट में कैविएट दाखिल होने की कोई सूचना नहीं है। इस बीच, कर्नाटक पुलिस ने मृतक अतुल सुभाष की पत्नी निकिता के भाई अनुराग और मां निशा सिंघानिया को जांच अधिकारी के सामने पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है।
नोटिस में तीन दिन के भीतर पेश होने को कहा गया है। इससे पहले अतुल के भाई की शिकायत पर पुलिस निकिता की मां, भाई और चाचा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चुकी है। सिंघानिया परिवार ने हाईकोर्ट में पैरवी के लिए कई बड़े वकीलों का पैनल तैयार किया है। दूसरी ओर, परिवार बीती गुरुवार रात से फरार है। पुलिस इस मामले में नोटिस जारी करने के बाद अपनी जांच को आगे बढ़ा रही है।


