Ayodhya Airport : दिल्ली से उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या (Ayodhya Airport) के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट के समय में अहम बदलाव हुआ है। अब यह घोषणा की गई है कि दिल्ली से अयोध्या के लिए उड़ान सेवाएं 15 जनवरी 2024 से शुरू होंगी। दिल्ली से अयोध्या के लिए इंडिगो की पहली उड़ान के समय में भी बड़ा संशोधन किया गया है।
बताया जा रहा है कि उड़ान जो पहले सुबह 10 बजे दिल्ली हवाई अड्डे से प्रस्थान करने वाली थी अब दोपहर 1:40 बजे उड़ान भरेगी और 3 बजे अयोध्या हवाई अड्डे पर उतरेगी। इससे पहले अयोध्या के जिला मजिस्ट्रेट गौरव दयाल ने बताया कि भगवान मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम को समर्पित अयोध्या में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का निर्माण पूरा होने के साथ ही दिल्ली और अहमदाबाद तथा दिल्ली और अयोध्या के बीच सीधी उड़ान कनेक्टिविटी की घोषणा की गई है।
अब इंडिगो ने मुंबई और अयोध्या के बीच सीधी कनेक्टिविटी शुरू करने की घोषणा की है जो 15 जनवरी 2024 से प्रभावी होगी। अयोध्या से मुंबई के लिए सीधी उड़ान से आम नागरिकों को काफी राहत मिलेगी। इंडिगो ने पहले अयोध्या में जल्द ही चालू होने वाले मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए परिचालन शुरू करने की घोषणा की थी।
दिल्ली और अयोध्या के बीच वाणिज्यिक परिचालन 6 जनवरी, 2024 को शुरू हुआ और अहमदाबाद से अयोध्या के लिए उड़ानें 11 जनवरी, 2024 को शुरू होंगी। इंडिगो के ग्लोबल चीफ ऑफ सेल्स विनय मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली और अहमदाबाद के बीच सीधी कनेक्टिविटी तो है ही अब मुम्बई के लिए भी सीधी उड़ान मिलेगी। यात्रा, पर्यटन और व्यापार को बढ़ाने में अयोध्या और मुंबई महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इंडिगो के अनुसार मुंबई और अयोध्या के साथ-साथ अयोध्या और मुंबई के बीच दैनिक उड़ानें 15 जनवरी 2024 से शुरू होंगी। मुंबई से अयोध्या के लिए उड़ान दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान करेगी और दोपहर 2:45 बजे अयोध्या पहुंचेगी। इसी तरह अयोध्या से मुंबई के लिए फ्लाइट दोपहर 3:15 बजे उड़ान भरेगी और शाम 5:40 बजे मुंबई पहुंचेगी।


