Ram Mandir : अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर (Ram Mandir) में भगवान राम की मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले अयोध्या ट्रस्ट ने 17 जनवरी को मूर्ति के प्रस्तावित नगर भ्रमण को रद्द कर दिया है। ट्रस्ट के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि पूरे अयोध्या शहर में मूर्ति घुमाने की योजना रद्द कर दी गई है। इसके बजाय उसी दिन (17 जनवरी) ट्रस्ट राम जन्मभूमि मंदिर के परिसर के भीतर मूर्ति की शोभा यात्रा की व्यवस्था करेगा।
सुरक्षा एजेंसियों ने दी ये सलाह
उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसियों की सलाह के आधार पर ट्रस्ट ने सुरक्षा कारणों से प्रस्तावित कार्यक्रम रद्द कर दिया है। कार्यक्रम को रद्द करने का निर्णय श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अधिकारियों काशी के विद्वानों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के बीच एक बैठक के बाद लिया गया। अयोध्या प्रशासन के मुताबिक ट्रस्ट की बैठक के दौरान इस बात पर चर्चा हुई कि अगर रामलला की नई मूर्ति को शहर में घुमाया गया तो श्रद्धालु और तीर्थयात्री बड़ी संख्या में जुटेंगे जिससे प्रशासन के लिए भीड़ को संभालना मुश्किल हो जाएगा।
बाल स्वरूप में होंगे भगवान राम
बता दें कि राम मंदिर का उद्घाटन और रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। साथ ही इस कार्यक्रम में 4,000 संतों को भी आमंत्रित किया गया है। 22 जनवरी को दोपहर 12 बजे के बाद राम मंदिर में बाल भगवान राम के रूप में मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी। 16 जनवरी से प्रतिष्ठा अनुष्ठान शुरू हो जाएगा। काशी के दो विद्वानों के नेतृत्व में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के मुताबिक मेहमानों को 22 जनवरी से अयोध्या पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि उनके रहने की उचित व्यवस्था की जा सके।


